शनिवार, जनवरी 18, 2020

वार्षिक संगीतमाला 2019 Top 15 : ओ राजा जी, नैना चुगलखोर राजा जी Rajaji

एक शाम मेरे नाम की वार्षिक संगीतमाला अब उस हिस्से में पहुँच गयी है जहाँ से ऊपर बजने वाला हर एक गीत मेरे दिल के बेहद करीब है। मेरा यकीन है कि इन पन्द्रह गीतों में से आधे गीत ऐसे होंगे जिनको आपने शायद पिछले साल सुना ही नहीं होगा। ऊपर की इन पन्द्रह पायदानों में जो पहला गीत है वो है फिल्म मणिकर्णिका से। 


आप तो जानते ही हैं कि इस फिल्म के गीत लिखे हैं प्रसून जोशी ने और साल के इस बेहतरीन एलबम के संगीतकार हैं शंकर एहसान लॉय! ये हस्तियाँ तो इतनी नामी हैं कि उनके बारे में आज ना बात करते हुए मैं आपको मिलवाना चाहूँगा इस गीत की गायिका प्रतिभा सिंह बघेल से। प्रतिभा की बहुमुखी प्रतिभा की झलकियाँ मैं पिछले एक दशक से देख रहा हूँ पर बतौर पार्श्व गायिका उन्हें इतना बड़ा ब्रेक मिलता देख मुझे दिल से खुशी हुई।

मध्यप्रदेश के शहर रीवाँ से ताल्लुक रखने वाली प्रतिभा भी सा रे गा मा पा के मंच की ही खोज हैं। वर्ष 2008 के चैलेंज में सा रे गा मा पा लक्ष्य घराने से अंतिम पाँच में जगह बनाने वाली प्रतिभा पिछले एक दशक से बतौर पार्श्व गायिका अपना मुकाम बनाने के लिए प्रयत्नशील हैं। ऐसा नहीं हैं कि उन्हें फिल्मों में इसके पहले गाने के अवसर नहीं मिले। आपने उनके गाए गीत इसक, शोरगुल, बॉलीवुड डायरीज़, हम्पटी शर्मा की दुल्हनिया जैसी फिल्मों में सुने होंगे पर सा रे गा मा पा के अपने पहले गुरु शंकर महादेवन द्वारा दिया गया अवसर इस पुलिस इंस्पेक्टर की बेटी के लिए एक विशेष मायने रखता है। 

कंगना रणावत जैसी अभिनेत्री और भारतीय इतिहास की वीर नायिका रानी लक्ष्मी बाई की आवाज़ बनना उनके कैरियर के लिए एक अहम पड़ाव होगा ऐसा मुझे लगता है। प्रतिभा एक ऐसे परिवार में पली बढ़ी हैं जहाँ गाने और बजाने का शौक तो सबको था पर इसे बतौर कैरियर अपनाने का काम अपने काका के बाद प्रतिभा ने ही किया।

शास्त्रीय संगीत में पारंगत प्रतिभा जिस सहजता से ठुमरियाँ गाती हैं उतने ही मनोयोग से गुलाम अली, मेहदी हसन और हरिहरण की ग़ज़लों को भी गुनगुना लेती हैं। पिछले साल से उन्होंने संगीत नाटिका मुगलेआज़म और उमराव जान के मंचन में गायिका के साथ साथ अभिनय पर भी हाथ आजमाया है। आने वाले दिनों में आप उनकी ग़ज़ल का एक एलबम भी सुन पाएँगे।

तो चलिए लौटते हैं  इस गीत की तरफ। मणिकर्णिका के इस गीत के लिए शंकर ने उन्हें इतना ही कहा कि तुम गाओ..  टेंशन नहीं लेना। रिकार्डिंग के समय प्रतिभा थोड़ी नर्वस थीं और उन्होंने शंकर जी से जाकर कहा भी कि सर अगर अच्छा नहीं हुआ हो तो मैं दुबारा गा लूँगी पर उसकी नौबत ही नहीं आई। उन्होंने इसी फिल्म के लिए एक लोरी भी गायी है 'टकटकी' जो भले ही इस संगीतमाला का हिस्सा ना हो पर है एक प्यारा गीत।

मुखड़े के पहले का संगीत मन को शांत कर देता है और उसी के बीच प्रतिभा की मीठी आवाज़ अपने राजाजी को पुकारती हुई उभरती है। प्रसून मन की रुनझुन को खनकते, चितचोर, चुगलखोर नैनों से प्रकट करते हुए जब दिल का हाल कुछ यूँ बताते हैं ...सिंदूरी भोर, नहीं ओर-छोर....बाँधी कैसी ये डोर...धड़कन बेताल, सपने गुलाल....किया कैसा हाल, राजा जी...तो उनके शब्दों के इस कमाल पर शाबासी देने की इच्छा होती है। शंकर अहसान लॉय की संगीतकार त्रयी ने गीत में कोरस और बाँसुरी का बेहतरीन इस्तेमाल किया है। प्रतिभा के गाए इस गीत की अंतिम पंक्तियों में साथ दिया है रवि मिश्रा ने।

ओ राजा जी, ओ महाराजा जी
नैना चुगलखोर राजा जी

मन की रुनझुन छुप ना पाए
खनक-खनक खनके नैना
बड़ी अजब है रीत प्रीत की
बिन बोले सब कुछ कहना
कुनकुनी-सी धूप बिखरी
जाए रे मनवा कुहू-कुहू बौराये रे
ओ राजा जी, नैना चुगलखोर, राजा जी
ओ महाराजा जी, नैना हैं चितचोर, राजा जी

सिंदूरी भोर, नहीं ओर-छोर
बाँधी कैसी ये डोर
धड़कन बेताल, सपने गुलाल
किया कैसा हाल, राजा जी

तेरा ध्यान भी छैल-छबीला
लचक-मचक के आए रे
मन ख़ुद से ही बातें करके
मन ही मन मुस्काए रे
कुनकुनी-सी धूप बिखरी...राजा जी

मन-अँगना कोई आया
शीतल छैयाँ बन छाया
इक चंचल नदिया को रस्तों से मिलाया
इक बहती हवा ने कानों में कहना सीखा
कल-कल जल ने इक पल रुकके रहना सीखा
पगडंडी को रस्ते मिल गये
धीरे-धीरे राहें नयी खुलती जाएँ रे


ये गीत गाने में इतना आसान भी नहीं हैं पर प्रतिभा ने गीत के उतार चढ़ावों को भली भांति निभाया हैं। ये गीत उन गीतों में से है जो धीरे धीरे आपके मन में बसता है और एक बार बस जाए तो फिर निकलने का नाम नहीं लेता। 😊



वार्षिक संगीतमाला 2019 
01. तेरी मिट्टी Teri Mitti
02. कलंक नहीं, इश्क़ है काजल पिया 
03. रुआँ रुआँ, रौशन हुआ Ruan Ruan
04. तेरा साथ हो   Tera Saath Ho
05. मर्द  मराठा Mard Maratha
06. मैं रहूँ या ना रहूँ भारत ये रहना चाहिए  Bharat 
07. आज जागे रहना, ये रात सोने को है  Aaj Jage Rahna
08. तेरा ना करता ज़िक्र.. तेरी ना होती फ़िक्र  Zikra
09. दिल रोई जाए, रोई जाए, रोई जाए  Dil Royi Jaye
10. कहते थे लोग जो, क़ाबिल नहीं है तू..देंगे वही सलामियाँ  Shaabaashiyaan
11 . छोटी छोटी गल दा बुरा न मनाया कर Choti Choti Gal
12. ओ राजा जी, नैना चुगलखोर राजा जी  Rajaji
13. मंज़र है ये नया Manzar Hai Ye Naya 
14. ओ रे चंदा बेईमान . बेईमान..बेईमान O Re Chanda
15.  मिर्ज़ा वे. सुन जा रे...वो जो कहना है कब से मुझे Mirza Ve
16. ऐरा गैरा नत्थू खैरा  Aira Gaira
17. ये आईना है या तू है Ye aaina
18. घर मोरे परदेसिया  Ghar More Pardesiya
19. बेईमानी  से.. 
20. तू इतना ज़रूरी कैसे हुआ? Kaise Hua
21. तेरा बन जाऊँगा Tera Ban Jaunga
22. ये जो हो रहा है Ye Jo Ho Raha Hai
23. चलूँ मैं वहाँ, जहाँ तू चला Jahaan Tu chala 
24.रूह का रिश्ता ये जुड़ गया... Rooh Ka Rishta 
Related Posts with Thumbnails

9 टिप्पणियाँ:

Arvind Mishra on जनवरी 18, 2020 ने कहा…

कितना सुंदर संयोग है आपकी और मेरी दोनों की लिस्ट में ये गीत पंद्रहवें स्थान पर है। गीत है भी बहुत प्यारा

Manish Kumar on जनवरी 18, 2020 ने कहा…

मुझे इस बात की खुशी है कि आपने कुछ ऐसे गीत चुने हैं जो मेरी पसंद में तो शामिल थे ही पर अन्य श्रोताओं की सूची से नदारद हैं।

दिनेश कुमार पाण्डेय on जनवरी 18, 2020 ने कहा…

सुन्दर गीत है��इस फिल्म को देखी भी है,बड़े परदे पर।फिल्म में रुचि नहीं होने के कारण बहुत कम ही देखता हूँ,लेकिन ये गाना अच्छा लगा था,और फिल्म भी।

Manish Kumar on जनवरी 18, 2020 ने कहा…

फिल्म तो मैं भी कम ही देखता हूँ दिनेश जी पर गाने जरूर सुनता हूँ। नए संगीत में कुछ मधुर लगता है तो कोशिश करता हूँ कि उसे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुँचाऊँ। :)

Sumit on जनवरी 18, 2020 ने कहा…

एक और मोती. :)

सागर नाहर on जनवरी 19, 2020 ने कहा…

आहा! इतना अदभुत गीत! आज पहली बार सुना। टीवी पर भी कभी त्रेलर नहीं देखा।
लाजवाब।

Manish Kumar on जनवरी 20, 2020 ने कहा…

इस मोती को सुनने का शुक्रिया सुमित !

Manish Kumar on जनवरी 20, 2020 ने कहा…

सागर टीवी पर तो प्रोमो में एक या दो गीत ही चलते हैं। कई छुप जाते हैं। उनमें से ये भी एक था। आपको पसंद आया जानकर खुशी हुई।

Prerak on फ़रवरी 03, 2020 ने कहा…

Lajawab Sir ji

 

मेरी पसंदीदा किताबें...

सुवर्णलता
Freedom at Midnight
Aapka Bunti
Madhushala
कसप Kasap
Great Expectations
उर्दू की आख़िरी किताब
Shatranj Ke Khiladi
Bakul Katha
Raag Darbari
English, August: An Indian Story
Five Point Someone: What Not to Do at IIT
Mitro Marjani
Jharokhe
Mailaa Aanchal
Mrs Craddock
Mahabhoj
मुझे चाँद चाहिए Mujhe Chand Chahiye
Lolita
The Pakistani Bride: A Novel


Manish Kumar's favorite books »

स्पष्टीकरण

इस चिट्ठे का उद्देश्य अच्छे संगीत और साहित्य एवम्र उनसे जुड़े कुछ पहलुओं को अपने नज़रिए से विश्लेषित कर संगीत प्रेमी पाठकों तक पहुँचाना और लोकप्रिय बनाना है। इसी हेतु चिट्ठे पर संगीत और चित्रों का प्रयोग हुआ है। अगर इस चिट्ठे पर प्रकाशित चित्र, संगीत या अन्य किसी सामग्री से कॉपीराइट का उल्लंघन होता है तो कृपया सूचित करें। आपकी सूचना पर त्वरित कार्यवाही की जाएगी।

एक शाम मेरे नाम Copyright © 2009 Designed by Bie