रविवार, फ़रवरी 27, 2022

वार्षिक संगीतमाला Top Songs of 2021 मन भरया Man Bharryaa

लता मंगेशकर जैसे महान कलाकार के गुजर जाने की वज़ह से मैं अपनी गीतमाला को आगे बढ़ाने की स्थिति में नहीं था। रह रह कर उनके गाए गीत और उनसे जुड़ी बातें में मन में उमड़ घुमड़ रही थीं। इसलिए मैंने इस गीतमाला को ढाई हफ्तों का एक विराम दिया था। आज इस सिलसिले को फिर से आगे बढ़ा रहा हूँ। पिछले साल के पंद्रह शानदार गीतों की फेरहिस्त में दस की चर्चा आपसे पिछले महीने हो ही चुकी है।अब अब सिर्फ पाँच गीत बचे हैं। हालांकि इस बार वार्षिक संगीतमाला में किसी क्रम से नहीं बज रहे पर ये पाँचों गीत मेरे बेहद प्रिय हैं।

कुछ गीत ऐसे होते हैं जिनमें निहित भावों को हम फिल्म की कहानी के इतर भी अपने आस पास की ज़िंदगी से जोड़ लेते हैं। फिल्म शेरशाह के गीत मन भरया को आप ऐसे ही गीत की श्रेणी में रख सकते हैं। ज़िदगी के अलग अलग पड़ावों में हम सबने किसी ना किसी करीबी को खोया ही होगा। कुछ लोग तो उस दुख के साथ जीना सीख लेते हैं तो कुछ उस व्यक्ति के चले जाने से आई शून्यता को आजीवन भर नहीं पाते। इस गीत की पंक्तियाँ ऐसे ही लोगों के मन की व्यथा व्यक्त करती हैं।

ये फिल्म कैप्टन विक्रम बात्रा के जीवन पर बनी फिल्म है। मरणोपरान्त परम वीर चक्र से सम्मानित विक्रम बात्रा के कारगिल युद्ध में  पराक्रम के किस्से पढ़कर आज भी रोंगटे खड़े हो जाते हैं। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जब देश के लिए शहीद होते हैं तो हम सभी की आँखें नम होती हैं, सम्मान में सर झुक जाता है पर फिर हम सब भूल कर अपने काम में लग जाते हैं।  विक्रम  तो पच्चीस साल की अल्पायु में  ही शहीद  हो गए। अपने जवान बेटे या नवविवाहिता के लिए अपना पति खो देना कितना कष्टप्रद है ये शायद वही समझ सकें जिसने वो दर्द सहा हो।  

पंजाबी संगीत उद्योग में बी प्राक का नाम हमेशा सुरीले और संवेदनशील नग्मों के लिए लिया जाता रहा है। हिंदी फिल्मों में वो तेरी मिट्टी गाकर सबके चहेते बन गए। सच तो ये है कि ये गीत बी प्राक ने मूलतः शेरशाह के लिए संगीतबद्ध नहीं किया था। अपनी प्रेमिका के लिए उलाहना देते इस गीत को तब भी जानी ने ही लिखा था। मुखड़ा भी वही था पर अंतरे थोड़े अलग थे। संगीत संयोजन भी गिटार पर आधारित था। 2017 में स्पीड रिकार्डस के द्वारा रिलीज़ वो सिंगल काफी लोकप्रिय हुआ था।

धर्मा प्रोडक्शन्स के अज़ीम दयानी और करण ज़ौहर को ये गीत इतना पसंद आया कि 2019 में वो गीत उन्होंने स्पीड रिकार्ड्स से खरीद लिया। गाने के भावनात्मक असर को देखते हुए ये तय था कि इसे किसी खास फिल्म के लिए इस्तेमाल किया जाएगा जहाँ ऐसा माहौल बनाने की जरूरत होगी और दो साल के बाद जब शेरशाह अस्तित्व में आई तो ये गीत वहाँ सहज ही फिट हो गया।


शेरशाह की कहानी के अनुरूप ढालने के लिए गीत के बोलों और संगीत के मूड में बदलाव किया गया। फिर राँची से ताल्लुक रखने वाले मशहूर अरेंजर आदित्य देव की सेवाएँ ली गयीं जो कि तेरी मिट्टी का भी हिस्सा थे। बी प्राक की गहरी दमदार आवाज़ ऐसे मन को गीला करने वाले गीतों में फिट बैठती है। तेरी मिट्टी के संगीत संयोजन की तरह यहाँ भी आदित्य ने गीत की शुरुआत और मध्य में उदासी का रंग गहरा करने  के लिए तार वाद्यों का इस्तेमाल किया। तो आइये सुनते है ये गीत 


गीतों की मेरी सालाना रैंकिंग बताने का वक़्त पास आ रहा है। पर उससे पहले आप इन गीतों में अपनी पसंद का क्रम भी सजा लीजिए एक इनामी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए।

Related Posts with Thumbnails

6 टिप्पणियाँ:

Manish on फ़रवरी 27, 2022 ने कहा…

मुझे ये तेरी मिट्टी....के बाद बी प्राक का सबसे श्रेष्ठ गीत लगता है!!

Manish Kumar on फ़रवरी 27, 2022 ने कहा…

हां उनकी धुनों में एक दर्द छुपा होता है जो कि सुनते ही अपना लगने लगता है। गाते समय भी वो भावनाओं के संप्रेषण में जान लगा देते हैं।

Pooja Singh on फ़रवरी 28, 2022 ने कहा…

मेरा पसंदीदा

Manish Kumar on फ़रवरी 28, 2022 ने कहा…

🙂👍

Kanchan Singh Chouhan on फ़रवरी 28, 2022 ने कहा…

इतना रोई हूं इस गीत को चलाकर कि क्या कहूं मेरे लिए तो शायद साल का सर्वश्रेष्ठ गीत है यह। मन को पता नहीं किस गहराई पर जाकर छूता है।

Manish Kumar on फ़रवरी 28, 2022 ने कहा…

आपने तो अपने करीबियों को खोने का दर्द सहा है वो भी कई बार। निश्चय ही ये गीत उस पीड़ा को उभार देता होगा।

 

मेरी पसंदीदा किताबें...

सुवर्णलता
Freedom at Midnight
Aapka Bunti
Madhushala
कसप Kasap
Great Expectations
उर्दू की आख़िरी किताब
Shatranj Ke Khiladi
Bakul Katha
Raag Darbari
English, August: An Indian Story
Five Point Someone: What Not to Do at IIT
Mitro Marjani
Jharokhe
Mailaa Aanchal
Mrs Craddock
Mahabhoj
मुझे चाँद चाहिए Mujhe Chand Chahiye
Lolita
The Pakistani Bride: A Novel


Manish Kumar's favorite books »

स्पष्टीकरण

इस चिट्ठे का उद्देश्य अच्छे संगीत और साहित्य एवम्र उनसे जुड़े कुछ पहलुओं को अपने नज़रिए से विश्लेषित कर संगीत प्रेमी पाठकों तक पहुँचाना और लोकप्रिय बनाना है। इसी हेतु चिट्ठे पर संगीत और चित्रों का प्रयोग हुआ है। अगर इस चिट्ठे पर प्रकाशित चित्र, संगीत या अन्य किसी सामग्री से कॉपीराइट का उल्लंघन होता है तो कृपया सूचित करें। आपकी सूचना पर त्वरित कार्यवाही की जाएगी।

एक शाम मेरे नाम Copyright © 2009 Designed by Bie